AgroStar
सभी फसलें
कृषि ज्ञान
कृषि चर्चा
अॅग्री दुकान
मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ!
कृषि वार्ताkrishak jagat
मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ!
मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ अभियान का इंदौर से राष्ट्रव्यापी शुभारंभ:- 👉🏻भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत “मेरी पॉलिसी मेरे हाथ” अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में ग्राम बुढ़ी बरलाई तहसील सांवेर जिला इंदौर से किया गया। इस अवसर पर किसानों को खेती-किसानी की आधुनिक तकनीक की जानकारी देने के लिये कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, उद्यानिकी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद श्री शंकर लालवानी तथा श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायकगण ,अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। घर पर ही पहुंचेगी बीमा पॉलिसी:- 👉🏻इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज का दिन प्रदेश के लिए सौभाग्य का दिन है, जब मध्यप्रदेश से ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ योजना का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ हुआ है। प्रदेश में इस अभियान के तहत गांव-गांव शिविर लगाए जाएंगे और किसानों को उनके घर पर ही बीमा पॉलिसी उनके हाथ में पहुंचाई जाएगी। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। आरबीसी के नियमों में किसानों के हित में जरूरी संशोधन कर नियमों को सरल बनाया गया है और किसानों को फसल नुकसानी का मुआवजा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत हाल ही में 7 हजार 618 करोड़ रुपए का मुआवजा किसानों के खाते में जमा कराया गया है। अकेले इंदौर जिले में ही 380 करोड़ 54 लाख रुपए की राशि का भुगतान किया गया है। आपदा के समय आरबीसी 6(4) के तहत साढ़े 10 हजार करोड़ का मुआवजा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले 20 माह में किसानों के खाते में कुल 172894 करोड़ रुपए की राशि जमा कराई है। ऐसा पहली बार हुआ है जब प्रदेश में इतनी बड़ी राशि किसानों के खाते में जमा की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों की लगातार चिंता कर रहे हैं। किसानों के कल्याण के लिये नवाचार कर अनेक योजनाएं प्रारंभ की हैं। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में 43 लाख हेक्टेयर रकबे में सिंचाई हो रही है, आगे यह रकबा 65 लाख हेक्टेयर किया जाएगा। बरलई में बनेगा अपेरल रेडिमेड गारमेंट पार्क:- 👉🏻श्री चौहान ने इंदौर के बरलई में अपेरल रेडिमेड गारमेंट पार्क बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पार्क में लगभग एक हजार करोड़ रूपये का निवेश होगा। इससे लगभग 12 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा होने पर किसानों को नुकसानी का पूरा मुआवजा दिया जायेगा। बोवनी खराब होने पर भी उसका मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वास्तविक नुकसानी की जानकारी प्राप्त करने के लिये मैदानी स्तर पर सघन सर्वे करवाया जायेगा।उन्होंने उपस्थित किसानों को अपने-अपने गांव में स्वच्छता रखने, गौरव दिवस मनाने तथा पेड़ लगाने का संकल्प दिलवाया। फसल बीमा योजना का गंभीरता से क्रियान्वयन:- 👉🏻केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ मध्यप्रदेश के इंदौर से ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का शुभारंभ किया था। श्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन हो रहा है। हर किसान की जुबान पर इस योजना के लाभ की बात है। किसानों को संकट के समय उनकी भरपूर सहायता की गई है। किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जाए यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच और उनका संकल्प है। उनकी इस सोच और संकल्प को साकार करने के लिये पुरजोर प्रयास किये जा रहे हैं। जैविक खेती के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अव्वल:- 👉🏻श्री तोमर ने कहा कि जैविक कृषि उत्पादन का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। जैविक उत्पादन के दाम भी किसानों को अच्छे मिल रहे हैं। मध्य प्रदेश में जैविक खेती का रकबा बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कारगर प्रयास किये जा रहे हैं। इसके फलस्वरूप जैविक खेती के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अव्वल स्थान पर है। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए जरूरी है कि खेती की लागत कम की जाए, किसानों को उनके उत्पादन का वाजिब दाम मिले और खेती किसानी के लिए आधुनिक उपकरण और तकनीक का उपयोग किया जाए। इस दिशा में मध्यप्रदेश में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य किए जा रहे हैं। श्री तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में योजनाओं की राशि का भुगतान किसानों के खाते में पारदर्शी रूप से हो रहा है। समर्थन मूल्य, फसल की क्षतिपूर्ति की मुआवजा राशि सहित अन्य योजनाओं का पैसा किसानों के खाते में सीधे जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश की आत्मा है। किसान आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे तो गाँव और देश का विकास होगा। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिये गाँव और किसान का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। मंत्रियों के उद्बोधन:- 👉🏻जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने समारोह में कहा कि किसानों का विकास एवं प्रगति हमारा संकल्प है। सांवेर क्षेत्र में तीन हजार करोड़ रुपए की लागत से 180 गांवों में नर्मदा जल पहुंचाने की योजना लाई गई है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर में नल से जल पहुंचाने की योजना प्रारंभ की गई है। सिंचाई सुविधा का विस्तार किया गया है। गांव में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। आज से प्रारंभ ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान किसानों के लिये वरदान है। 👉🏻कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने फसल बीमा योजना को किसानों के जीवन एवं फसल का कवच बताते हुए कहा कि संकट आने पर फसल क्षति का मुआवजा मिलेगा। पॉलिसी उनके पास होगी तो उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा। इस तरह की योजना देश में पहली बार लागू की जा रही है। मध्यप्रदेश बगैर ब्याज के ऋण देने वाला देश का पहला प्रदेश है। राज्य सरकार किसानों के हर दुख-दर्द में साथ है। उनके दुख-दर्द को दूर करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को संकट के समय संबल दिया है, आगे भी पूरी मदद की जायेगी। प्रदेश में वन ग्राम के किसानों को भी राजस्व ग्राम के किसानों की तरह लाभ दिया जा रहा है। चने की खरीदी मई के पहले ही शुरू करने का निर्णय लिया गया है। समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों खरीदी की सीमा को समाप्त किया गया है। मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था भी की गई है। किसानों को रियायती दर पर बिजली सिंचाई के लिए दी जा रही है। खेती अब लाभ का व्यवसाय बन रही है। 👉🏻राज्य मंत्री उद्यानिकी (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन किसानों के हितों के प्रति संकल्पबद्ध है। किसानों के हित के लिए अनेक योजनाएं संचालित करने के साथ ही किसानों के सम्मान का भी ध्यान रखा जा रहा है। किसानों को प्रति वर्ष 10 हजार रूपये की सम्मान निधि दी जा रही है। इनमें से 6 हजार रूपये केंद्र शासन और 4 हजार रूपये की राशि राज्य शासन की ओर से दी जा रही है। मध्यप्रदेश में कृषि के साथ ही बागवानी के उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि और बागवानी के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। आपने किसानों से अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए उद्यानिकी की खेती करने और रासायनिक खाद का संतुलित उपयोग कर जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। 👉🏻पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि खेती को फायदे का धंधा बनाना हमारा मुख्य ध्येय हैं। किसान खुशहाल रहे, इस दिशा में कारगर प्रयास किए जा रहे हैं। किसान प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाएं और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देवें। सांसद श्री शंकर लालवानी ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह योजना किसानों के लिए वरदान है। केन्द्र और राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में अनेक लाभकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने आलू, प्याज एवं लहसुन के निर्यात की व्यवस्था करने की बात भी कही। पॉलिसियों का प्रतीकात्मक वितरण:- 👉🏻चयनित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान के तहत फसल बीमा योजना की पॉलिसी अतिथियों ने वितरित की। यह पॉलिसी प्राप्त करने वालों में सभी किसान वयोवृद्ध थे। जिन्हें पॉलिसी मिली उनमें बद्रीलाल 70 वर्ष, श्रीमती लीलाबाई 72 वर्ष, मोहनलाल 70 वर्ष, तेजराम पटेल 81 वर्ष, अनोखी लाल 73 वर्ष, गीता बाई 72 वर्ष, सुंदर बाई 80 वर्ष, सुखराम 77 वर्ष, मूलचंद 70 वर्ष, मांगीलाल 75 वर्ष शामिल हैं। साथ ही पंजीकृत किसान संगठन के पदाधिकारियों को भी पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समारोह में फसल बीमा योजना तथा जैविक खेती पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। अतिथियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान थीम गीत का विमोचन भी किया। कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी:- 👉🏻समारोह परिसर में आयोजित कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। दोनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शनी में लगाये गये स्टॉल और प्रदर्शित आधुनिक उपकरणों को भी देखा। प्रदर्शनी में विभिन्न शासकीय विभागों जिनमें कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी आदि द्वारा किसानों के लिये संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में निजी कम्पनियों द्वारा बनाये गये अत्याधुनिक उपकरणों और मशीनों का प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शनी में कीटनाशक औषधियों के छिड़काव और फसलों की मॉनीटरिंग के लिये बनाये गये विशेष ड्रोन का प्रदर्शन किया गया।ड्रोन किसानों के लिये आकर्षण का केन्द्र रहा। इस अवसर पर नरवाई (पराली) के व्यवस्थित निपटान के लिये बनाये गये उपकरण और मशीनों का भी प्रदर्शन किया गया। आभार प्रदर्शन देवास के सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने किया। स्रोत:- Krishak Jagat, 👉🏻किसान भाइयों ये जानकारी आपको कैसी लगी? हमें कमेंट करके ज़रूर बताएं और लाइक एवं शेयर करें धन्यवाद!
11
1
अन्य लेख